जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह पर सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की संयुक्त टीम ने कदमा के उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क-मरीन ड्राइव और शास्त्रीनगर क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान विभिन्न जनसुविधा से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने पर सहमति बनी।

टीम ने नाना-नानी पार्क के मरम्मतीकरण व सौंदर्यीकरण, नील सरोवर की सफाई और हेजिंग कराने का निर्णय लिया। चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन की मरम्मतीकरण के साथ रामनगर क्षेत्र के ड्रेन की सफाई और मरम्मतीकरण भी किया जाएगा। शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क, भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। जरूरत के अनुसार नई लाइटें भी लगाई जाएंगी। रामनगर चौक की सड़क की मरम्मतीकरण के साथ यहां यूरिनल निर्माण का भी निर्णय लिया गया। गौरतलब है कि 6 अगस्त को सरयू राय के निर्देश पर जदयू प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आरके सिंह से मुलाकात कर लंबित विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग की थी। इसी क्रम में सोमवार को संयुक्त क्षेत्र भ्रमण किया गया। मंगलवार को टीम सोनारी के विभिन्न इलाकों का दौरा करेगी। दौरे में टाटा स्टील यूआईएसएल के विभिन्न विभागों के अधिकारी और जदयू के पदाधिकारी मौजूद रहे।