रामगढ़। शहर के चर्चित सुमित अग्रवाल हत्याकांड का रामगढ़ पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस ने हत्याकांड के उद्भेदन की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर विशेष जांच दल ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।

पुलिस ने बताया कि 29 जुलाई 2026 की सुबह सूचना मिली थी कि न्यू कॉलोनी बगीचा से बड़का गड्डा जाने वाली सड़क किनारे एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंका गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान संडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल के रूप में की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी अकस्म रजा के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांच के क्रम में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार दास उर्फ छोटू (25 वर्ष), पिता स्व. कृष्ण नंदन दास उर्फ सरकार दास, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।