गिरिडीह। दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की धर्मपत्नी श्वेता शर्मा ने राजनीति में सक्रिय रूप से कदम रख दिया है। सोमवार को गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा की आयोजित बैठक में वे भी शामिल हुईं। बैठक में पहुंचने पर पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की और विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर बातचीत की। बैठक में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद, गिरिडीह की महापौर प्रमिला मेहरा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और आगामी पार्टी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने को लेकर अपने विचार भी साझा किए। बैठक के दौरान श्वेता शर्मा की मौजूदगी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह भी देखने को मिला। मौके पर श्वेता शर्मा ने कहा कि जैसे सोनूजी आपके सुख दुःख में साथ खड़ा रहते थे, वैसे ही वे भी सबों के सुख दुःख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी| साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के विकास को लेकर जो सपना देखा था, उन सपनों को सबों के सहयोग से वे साकार करेंगी| उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का असामयिक निधन हो गया था| इसके बाद हेमंत सोरेन सरकार में उनकी जगह उनकी पत्नी श्वेता को अवसर दिए जाने की चर्चा हो रही है| साथ ही गिरिडीह विधानसभा सीट से उन्हें चुनाव लड़ाये जाने की भी संभावना जतायी गयी है|