रांची। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने पुलिस प्रशासन पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। पार्टी ने बुधवार को एक प्रेसवार्ता आयोजित कर चेतावनी दी कि यदि विधायक जयराम महतो की विधायकी पर किसी भी तरह की कार्रवाई होती है, तो पूरे राज्य में व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

जेएलकेएम नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस के कुछ अधिकारी अपने अधिकारों का दुरुपयोग कर रहे हैं। पार्टी ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए थानों में तैनात बड़े बाबुओं और संबंधित अधिकारियों के कॉल रिकॉर्ड खंगाले जाएं, ताकि सच सामने आ सके।

प्रेसवार्ता के दौरान जेएलकेएम नेता बेबी महतो ने पुलिस प्रशासन पर तंज कसते हुए कहा कि पुलिस करे तो रासलीला, जनता करे तो कैरेक्टर ढीला।उन्होंने कहा कि आम जनता पर तुरंत सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मियों की जांच दबा दी जाती है। नेताओं ने तीखा सवाल पूछते हुए कहा कि क्या सरकारी तनख्वाह से पेट नहीं भरता, जो रिश्वत की जरूरत पड़ रही है?हालांकि, पार्टी की ओर से इन आरोपों के समर्थन में कोई सार्वजनिक दस्तावेज या जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई।

पार्टी ने साफ किया कि जयराम महतो की विधायकी को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास को राजनीतिक प्रताड़ना माना जाएगा। जेएलकेएम का दावा है कि उन्हें दबाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वे डरने वाले नहीं हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि इस मुद्दे पर सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक उग्र प्रदर्शन किया जाएगा और प्रशासन को इसका जवाब जनता देगी।