मेदिनीनगर। लगातार हो रही बारिश के कारण सोन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। खतरे की संभावना को देखते हुए पलामू पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सख्त अपील की है।
इसी कड़ी में हुसैनाबाद के देवरी ओपी पुलिस ने सोन नदी के आसपास के इलाकों में माइकिंग कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया। पुलिस प्रशासन ने जलस्तर सामान्य होने तक नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की हिदायत दी है।
पुलिस की लोगों से अनुरोध है कि नदी में मछली पकड़ने, मवेशियों को नहलाने और नदी किनारे स्थित खेतों में जाने से पूरी तरह बचें।अभिभावक अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें ताकि वे खेलते हुए नदी के करीब न पहुंचें।जब तक जलस्तर सामान्य न हो, तब तक तटवर्ती क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।
देवरी ओपी प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने आम जनता से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि सोन नदी में पानी का बहाव बेहद तेज है, जिससे जान-माल के नुकसान की आशंका बनी हुई है। जीवन अनमोल है, इसलिए अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिक दें और फिलहाल नदी किनारे जाने से पूरी तरह बचें।
