चंद्रपुरा। चंद्रपुरा प्रखंड प्रमुख चांदनी परवीन के नेतृत्व में प्रखंड सभागार में सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख ने दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। महोत्सव में सैकड़ों सुहागिन महिलाएं सोलह श्रृंगार कर शामिल हुईं।
प्रमुख चांदनी परवीन ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य लोक परंपरा और संस्कृति को जीवंत बनाए रखना है। सावन आस्था और प्रकृति का अनूठा संगम है। इस माह महिलाएं भगवान शिव-पार्वती से पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना करती हैं। ऐसे आयोजनों से महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलता है।
महोत्सव में अंताक्षरी, सावन के फिल्मी व लोकगीतों पर नृत्य सहित कई कार्यक्रम हुए। प्रमुख ने सभी सुहागिन महिलाओं के बीच श्रृंगार सामग्री का वितरण भी किया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता दीप्ति कुमारी, उप प्रमुख रिंकी कुमारी, रांगामाटी पूर्वी मुखिया अनिता कुमारी, घटियारी मुखिया रेखा देवी, दुगदा पश्चिमी पंचायत समिति सदस्य मंजू देवी, दुगदा उत्तरी पंचायत समिति सदस्य धनपाल, कुरुम्बा पंचायत समिति सदस्य लता कुमारी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। अध्यक्षता चांदनी परवीन ने की, जबकि संचालन पंचायत समिति सदस्य सरिता वर्णवाल ने किया।
