गुमला। शहर में गुरुवार को एक अनोखा और चर्चा का विषय बना मामला सामने आया। सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दो विवाहित महिलाओं की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई, जो अंततः थाने तक जा पहुंची। उत्तर प्रदेश के जालौन से अपनी प्रेमिका से मिलने गुमला पहुंची महिला और स्थानीय महिला के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर महिला थाने में घंटों हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। काफी समझाने-बुझाने के बावजूद दोनों महिलाएं साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं।

मिली जानकारी के अनुसार, गुमला शहर की रहने वाली काजल कुमारी की जान-पहचान जनवरी 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी क्षमा पोरवार से हुई थी। धीरे-धीरे यह बातचीत गहरे प्रेम संबंध में तब्दील हो गई। इस बीच, परिजनों के दबाव में दोनों की शादी अलग-अलग युवकों से तय कर दी गई।

काजल कुमारी का जून 2025 में गुमला के एक युवक के साथ विवाह हुआ। क्षमा पोरवार का नवंबर 2025 में उत्तर प्रदेश में एक युवक के साथ विवाह हुआ। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क और प्रेम संबंध बरकरार रहे। हाल ही में जब परिजनों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद क्षमा पोरवार अपने पति को छोड़कर सीधे गुरुवार को गुमला पहुंच गई और काजल से मुलाकात की।

जैसे ही इसकी भनक काजल के ससुराल वालों को लगी, वे दोनों महिलाओं को लेकर महिला थाना पहुंचे। थाने में घंटों गहमागहमी और काउंसिलिंग का दौर चला।

इस दौरान काजल ने स्पष्ट रूप से कहा कि उसका झुकाव कभी भी पुरुषों की तरफ नहीं रहा है। उसने अपने पति के साथ रहने से साफ इंकार करते हुए क्षमा पोरवार के साथ ही अपनी पूरी जिंदगी बिताने की इच्छा जताई। दोनों ही महिलाएं साथ रहने की अपनी जिद पर अड़ी रहीं।

इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि थाने में किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। चूंकि गुमला की युवती के मायके वाले थाने नहीं पहुंचे, इसलिए दोनों को सुरक्षा और आगे की प्रक्रिया के लिए लोहरदगा स्थित काजल के मायके भेज दिया गया है।