चतरा। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इटखोरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पांच ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। एसपी को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा जंगल के दारीदाग मोड़ स्थित पुल के पास अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के बाद डीएसपी (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने छापेमारी के दौरान पीतीज गांव निवासी राजू कुशवाहा (24), पिता अरुण दांगी, को रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके पास से काले प्लास्टिक में रखी पांच ग्राम ब्राउन शुगर और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

इस मामले में इटखोरी थाना कांड संख्या 95/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

छापेमारी टीम में डीएसपी (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, पंकज कुमार, बिदेश कुमार पांडेय समेत थाना के पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।