गुमला। रायडीह प्रखंड के नवागढ़ बैगाटोली गांव में चार साल पुराने संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार को नया मोड़ आया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने 65 वर्षीय मलकन बैगा का कंकाल कब्र से निकलवाकर जांच के लिए भेजा गया। नर कंकाल होने के कारण गुमला सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम संभव नहीं हो सका। अब वैज्ञानिक परीक्षण और पोस्टमार्टम के लिए कंकाल को रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा।
मलकन बैगा की मौत 7 जून 2022 को हुई थी और उसी समय उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। चार वर्ष बाद, 13 जुलाई 2026 को उनकी पुत्री उर्मिला देवी ने रायडीह थाना में नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डायन-बिसाही के संदेह में उनके पिता के साथ मारपीट की गई और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। साथ ही परिवार को जान से मारने की धमकी दिए जाने के कारण उस समय पुलिस में शिकायत नहीं की जा सकी।थाना प्रभारी संदीप यादव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
