रांची। केंद्र सरकार की 'क्षेत्रीय संपर्क योजना - उड़े देश का आम नागरिक' (आरसीएस-उड़ान) के तहत झारखंड के छह हवाई अड्डों को विकास के लिए चुना गया है। इनमें से देवघर और जमशेदपुर हवाई अड्डे पहले ही चालू हो चुके हैं, जबकि बोकारो और दुमका में विकास कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष दो हवाई अड्डों हजारीबाग और डाल्टनगंज के लिए राज्य सरकार की ओर से भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई है।

यह जानकारी केंद्रीय नागरिक विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने आज राज्यसभा में सांसद परिमल नथवाणी के एक सवाल के लिखित जवाब में दी। मंत्री ने बताया कि राज्य में हवाईअड्डा इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 122.04 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई थी, जिसमें से 117.61 करोड़ रुपये का उपयोग किया जा चुका है। देश में क्षेत्रीय हवाई संपर्क को और मजबूत करने के उद्देश्य से सरकार ने गत 4 जुलाई को संशोधित 'उड़ान' योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों में पर्वतीय,आकांक्षी और पूर्वोत्तर जिलों में हेलीपैड और छोटे हवाईअड्डों के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।