बोकारो। बोकारो इस्पात कामगार यूनियन एटक के बैनर तले स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया गया। यूनियन के महामंत्री कामरेड रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि पारा मेडिकल व सफाई कर्मियों की समस्याओं को लेकर लगातार अधिकारियों को अवगत कराया गया है, बावजूद इसके कई मामले लंबित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राइडर सिक्योरिटी के तहत 49 दिनों का बकाया भुगतान अब तक नहीं हुआ है। जी-अलर्ट कंपनी के कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया गया है तथा पिछले आठ माह से कार्यरत कर्मियों का पीएफ और ईएसआई भी लंबित है। श्रम विभाग के आदेश के बावजूद आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का स्थानांतरण वापस नहीं किया गया और सरकारी न्यूनतम वेतन के अनुरूप भुगतान भी नहीं हो रहा है। यूनियन ने सिविल सर्जन पर आउटसोर्स कर्मचारियों की छंटनी की धमकी देने का आरोप लगाते हुए इसे श्रम कानूनों का उल्लंघन बताया। रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि पुराने मजदूरों के रहते नए मजदूरों की बहाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर कभी भी हड़ताल हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी सिविल सर्जन कार्यालय की होगी। प्रदर्शन में बीके राम, सागर राम, छोटू, निर्धन, रेखा, अमर, आकाश कुमार, गौरी, प्रकाश महतो, महेंद्र महतो, अतुल चंद्र, विकास, बबली, रीना, मंजू समेत अन्य लोग शामिल रहे।