खूंटी। शहर के आरसी बालक मध्य विद्यालय के प्रिंसिपल फादर बेनेदिक्त बारला पर 20 अक्टूबर की रात हुए जानलेवा हमले के विरोध में शुक्रवार को खूंटी में एक विशाल मौन जुलूस निकाला गया। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और मसीही समुदाय में गहरा रोष है, और वे लगातार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह मौन जुलूस खूंटी के कचहरी मैदान से शुरू होकर मुख्य मार्ग (मेन रोड) से होते हुए भगत सिंह चौक तक गया। इसके बाद जुलूस वापस लौटकर लोयोला इंटर कॉलेज के ग्राउंड में पहुंचा, जहां सभी ने मिलकर फादर बेनेदिक्त बारला के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की सामूहिक प्रार्थना की।
जुलूस में शामिल लोगों के हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर न्याय की मांग करते हुए कई संदेश लिखे थे। मुख्य रूप से शांति, प्रेम और न्याय, यही है हमारी आवाज, हमारा मौन विरोध नहीं, न्याय की पुकार है।
मुख्य जुलूस के समापन के बाद दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आए लोग अलग-अलग टुकड़ियों में बंटे और शहर की सड़कों पर अनुशासित ढंग से मौन जुलूस निकालते नजर आए।
शुक्रवार को साप्ताहिक हाट और मौन जुलूस के कारण शहर की यातायात व्यवस्था कुछ देर के लिए प्रभावित रही। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने कुछ गाड़ियों को शहर में प्रवेश करने से पहले ही डाइवर्ट कर दिया था। विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस बल के अधिकारी और जवान शहरभर में तैनात रहे।
गौरतलब है कि फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए इस हमले के बाद उन्हें गंभीर हालत में रांची के पल्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन के जरिए लोगों ने एक बार फिर प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग दोहराई है।
