जमशेदपुर। श्री श्याम भटली परिवार, जमशेदपुर की ओर से रविवार को 105 सदस्यीय दल ने धार्मिक एवं प्राकृतिक भ्रमण किया। संस्था के अध्यक्ष गगन रूस्तगी और महासचिव ललित डांगा के नेतृत्व में सदस्यों ने ऐतिहासिक दलमा स्थित प्राचीन शिव गुफा पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक, पूजन और आरती की। इस दौरान ताली कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण शिवमय हो गया।

पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने दलमा के शीर्ष शिखर पर विराजमान बजरंगबली और दलमा माई की गुफा में माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सभी सदस्यों ने दलमा रिसॉर्ट में आयोजित वनभोज का आनंद उठाया।

वापसी के दौरान दल ने जंगल के रास्ते सिंह गुफा और हाथी झरना का भ्रमण किया। मकुलकोचा पहुंचकर हिरण पार्क, बटरफ्लाई पार्क, मड हाउस सहित प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। यात्रा के अंतिम पड़ाव पर चांडिल डैम में नौका विहार किया गया।

भक्ति, उत्साह और मनोरंजन से भरपूर यह धार्मिक एवं प्राकृतिक यात्रा धूमधाम के साथ संपन्न हुई।