रामगढ़। कुजू-मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट में 9 अगस्त को हुए भट्टी ब्लास्ट हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर रमेश ठाकुर की इलाज के दौरान बुधवार रात मौत हो गई। मृतक पश्चिम न्यू कॉलोनी, कुजू कोलियरी का रहने वाला था। उसके पिता का नाम दरोगा ठाकुर बताया गया है।रमेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने प्लांट का कामकाज ठप कराते हुए मुख्य द्वार के समीप धरना शुरू कर दिया। उनकी मांग है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा और आवश्यक सहायता दी जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में परिवार ने अपना सदस्य खोया है, ऐसे में प्रबंधन को पीड़ित परिवार के हित में ठोस पहल करनी चाहिए। आंदोलन के कारण प्लांट का कामकाज प्रभावित हुआ है। बताया गया कि फिलहाल रमेश का शव रांची में है। शव कुजू पहुंचने के बाद आंदोलन के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रबंधन से जल्द मुआवजे को लेकर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
