​देवघर। श्रावणी मेला में बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा व सुरक्षा हेमंत सोरेन सरकार की उच्च प्राथमिकता है। सरकार की मंशा है कि यहाँ पहुँचने वाले हर शिवभक्त को एक सुखद अनुभूति हो, जिससे देश-विदेश में झारखंड की एक बेहतर छवि बने। ये बातें राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने मंगलवार को देवघर में कही।

​वे झामुमो जिला कमेटी की ओर से कांवरिया पथ स्थित खिजुरिया में आयोजित 'मास व्यापी कांवरिया सेवा शिविर' के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। फीता काटकर शिविर का शुभारंभ करने के बाद मंत्री और विधायक ने कांवरियों के बीच फल, शर्बत और शीतल पेयजल का वितरण किया।

कांवरियों को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद इस विश्वप्रसिद्ध मेले की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर हैं। उनकी देखरेख में ही तमाम तैयारियां पूरी की गई हैं। इस बार कांवरिया पथ में बालू बिछाने से लेकर सुलभ दर्शन और अन्य बुनियादी सुविधाओं में काफी इजाफा किया गया है।

​उन्होंने बताया कि तैयारियों की समीक्षा के लिए मंत्री सुदिव्य कुमार और डॉ. इरफान अंसारी चार बार देवघर आकर अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठकें कर चुके हैं। इन सभी बैठकों का मुख्य उद्देश्य यही रहा है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

​एक माह तक निःस्वार्थ सेवा करेगा झामुमो

मंत्री ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा भी इस पूरे एक महीने तक कांवरियों की निःस्वार्थ भाव से सेवा करेगा। खिजुरिया में लगाया गया यह शिविर इसी उद्देश्य से शुरू किया गया है। इस सेवा शिविर में एक माह तक कांवरियों के रहने, फलाहार, शुद्ध पेयजल और नि:शुल्क प्राथमिक चिकित्सा की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी।