​मनातू प्रखंड के बंसी खुर्द उमवि की घटना; गाना न सुनाने पर छात्र की बेरहमी से पिटाई

​पांकी विधायक प्रतिनिधि ने पीड़ित से की मुलाकात, जांच और कार्रवाई की मांग

​मेदिनीनगर। पलामू जिले के मनातू प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय बंसी खुर्द से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ शिक्षकों की घोर लापरवाही के कारण सात वर्षीय मासूम छात्र का हाथ फ्रैक्चर हो गया। परिजनों का आरोप है कि शिक्षक बच्चों को पढ़ाने के बजाय कार्यालय में बैठकर मोबाइल पर फिल्म देखने में व्यस्त थे और कक्षा संभालने की जिम्मेदारी सीनियर छात्रों को सौंप रखी थी।

पीड़ित छात्र राम कुमार ने बताया कि घटना के समय कक्षा में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। सीनियर छात्र पढ़ाई कराने का नाटक कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने राम कुमार से गाना सुनाने को कहा। गाना सुनाने से इनकार करने पर सीनियर छात्रों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसका हाथ टूट गया। छात्र ने जब इस बात की शिकायत कार्यालय में मौजूद शिक्षकों से की, तो उसे मदद देने के बजाय डांटकर घर भगा दिया गया।

घर पहुंचे बच्चे की हालत देख परिजनों ने प्रभारी प्रधानाध्यापक धीरेंद्र रजक को पूरे मामले से अवगत कराया। बच्चे को पहले तरहसी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर घटना को दबाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए दोषी शिक्षकों और मारपीट करने वाले छात्रों के अभिभावकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता के निर्देश पर विधायक प्रतिनिधि उदेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने विद्यालय पहुंचकर प्रभारी प्रधानाध्यापक से भी घटना का ब्यौरा लिया। उदेश यादव ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इसकी शिकायत पलामू उपायुक्त और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से की जाएगी ताकि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो सके।