सिमडेगा। शादी का झांसा देकर यौन शोषण, जबरन गर्भपात कराने और मारपीट करने के एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदर्श डुंगडुंग (पिता- रविशंकर डुंगडुंग, निवासी- घोंचोटोली, दीपनगर, जिला- सिमडेगा) के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 10 अगस्त 2026 को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें आरोपी पर शादी का प्रलोभन देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मारपीट का आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर महिला थाना में कांड संख्या 28/2026 दर्ज कर बीएनएस 2023 की धारा 69, 89 और 115(2) के तहत मामला पंजीकृत किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 अगस्त को आरोपी आदर्श डुंगडुंग को उसके घोंचोटोली स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को 27 अगस्त को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
