बहरागोड़ा। बरसोल थाना क्षेत्र के पाथरघाटा गांव में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण जमुना मुंडा का फूस का मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। घटना के समय जमुना मुंडा अपनी बेटी लक्ष्मी के साथ घर में सोए हुए थे। अचानक छप्पर में आग लगी देख दोनों किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों के अनुसार, आसपास समरसेबल पंप या तालाब की सुविधा नहीं होने और दमकल के देर से पहुंचने के कारण आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। इस दौरान घर में रखा धान, चावल, बर्तन, साइकिल और जरूरी दस्तावेज समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। बताया गया कि तमिलनाडु में मजदूरी करने वाले जमुना मुंडा के बेटे ने शादी का कर्ज चुकाने के लिए 20 हजार रुपये भेजे थे। आग में वह नकदी भी जल गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।