देवघर। सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर बाबाधाम में तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुलभ जलार्पण और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। भीड़ नियंत्रण और सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेले में तैनात दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से ब्रीफिंग दी।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि व्यवस्था में कोऑर्डिनेशन और कम्युनिकेशन गैप की कोई गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सावन की सोमवारी पर सर्वाधिक भीड़ होती है, ऐसे में बिना सजगता के इतनी बड़ी तादाद में आने वाले कांवरियों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की चुनौती से नहीं निपटा जा सकता।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि कतार में बिना किसी गैप के श्रद्धालु लगातार आगे बढ़ते रहें, ताकि हर किसी को सुगमतापूर्वक जलार्पण का अवसर मिले। उन्होंने अधिकारियों से विनम्रता और सेवाभाव के साथ ड्यूटी करने की अपील की, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालु राज्य की एक अच्छी छवि लेकर वापस लौटें।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कहा कि मेला क्षेत्र में तैनात सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और सुरक्षाकर्मी अब स्थानीय माहौल से पूरी तरह परिचित हो चुके हैं। इसलिए अब क्यू (कतार) मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने और सुरक्षित जलार्पण संपन्न कराया जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि सभी ओपी और यातायात ओपी के प्रभारी डीएसपी रैंक के अधिकारी होंगे। अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखना उनकी सीधी जिम्मेदारी होगी।
ब्रीफिंग के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी दूसरी सोमवारी को लेकर बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम में सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित मेला क्षेत्र में प्रतिनियुक्त तमाम दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
