​चतरा। जिले के जोरी घंघरी (ऊपर टोला) निवासी महावीर यादव के 38 वर्षीय पुत्र मुकेश यादव की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है। मृतक प्रतापपुर उच्च विद्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव के साथ घंघरी के पास NH-22 को पूरी तरह से जाम कर दिया है और पुलिस प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।

​परिजनों के अनुसार मुकेश सोमवार शाम लगभग 7:00 बजे अपनी बाइक से घंघरी चौक के लिए निकले थे। रात 8:30 बजे तक उन्हें चौक पर देखा गया था। इसके बाद जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, तो फोन की घंटी बजती रही लेकिन मुकेश ने कॉल रिसीव नहीं किया। परिजन रातभर परेशान होकर फोन मिलाते रहे।

​मंगलवार सुबह लगभग 5:00 बजे जब ग्रामीण महिलाएं सड़क किनारे से गुजर रही थीं, तब उन्होंने मोबाइल बजने की आवाज सुनी। पास जाकर देखने पर मुकेश यादव का शव सड़क किनारे एक गड्ढे में पड़ा मिला, जिसके ऊपर दुर्घटनाग्रस्त बाइक पड़ी हुई थी।

​स्थानीय लोगों और परिजनों का साफ तौर पर कहना है कि यह महज कोई सड़क हादसा नहीं है, बल्कि मुकेश की हत्या कर इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई है।

​ प्रशासन आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर एनएच-22 का जाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।