चास। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला समिति, चास शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय सावन मेले का शनिवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। इस दौरान महिलाओं ने सावन गीतों, पारंपरिक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर माहौल को रंगीन बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। सुरभि अग्रवाल ने राजस्थानी लोकनृत्य ‘घूमर’ की प्रस्तुति दी, जबकि सोनी जालान ने भी आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना बटोरी। इस अवसर पर समिति की नई सदस्यों का स्वागत और सम्मान किया गया।
समिति की वरिष्ठ सदस्यों संतोष केड़िया, उषा अग्रवाल, देविका अग्रवाल, बीना अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, डॉ. उषा अग्रवाल, अंबिका हेमका और इंदु अग्रवाल ने सामूहिक घूमर नृत्य प्रस्तुत कर राजस्थानी संस्कृति की झलक पेश की। वहीं पूजा लोहिया और वर्षा अग्रवाल ने सावन मल्हार पर युगल नृत्य प्रस्तुत किया।
मेले में विभिन्न स्टॉल लगाए गए थे, जहां महिलाओं ने खरीदारी के साथ चाट, पकौड़ी और अन्य व्यंजनों का आनंद लिया। समिति की ओर से सदस्यों को स्मृति-उपहार भी दिए गए।
कार्यक्रम का संचालन पुष्पा अग्रवाल और विनीता खंडेलवाल ने किया। समापन पर सचिव सुधा पिपुरिया और अध्यक्ष माया अग्रवाल ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। मौके पर अध्यक्ष माया अग्रवाल, सचिव सुधा पिपुरिया, कोषाध्यक्ष उमा अग्रवाल, मीडिया प्रभारी विनीता खंडेलवाल समेत समिति की बड़ी संख्या में सदस्याएं मौजूद थीं।
