जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम द्वारा चुनाव से पहले प्रकाशित डेढ़ दर्जन से अधिक निविदाओं को बिना कारण बताए रद्द किए जाने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने नगर निगम के इस कदम को पीडब्ल्यूडी कोड के प्रावधानों के विपरीत बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।विधायक सरयू राय ने एक बयान जारी कर कहा कि निविदा निष्पादन के मामले में पीडब्ल्यूडी कोड सर्वोपरि नियम पुस्तिका है। चाहे किसी विभाग की निविदा हो या नगर निकाय की, सभी प्रक्रियाएं इसी कोड के आधार पर पूरी की जाती हैं।श्री राय ने आरोप लगाया कि मानगो नगर निगम ने इन तय नियमों और प्रक्रियाओं का पालन पूरी तरह से नजरअंदाज किया है।कई मामलों में तो जिन ठेकेदारों ने अग्रधन राशि जमा कर एकरारनामा कर लिया था, उनकी निविदाएं भी रद्द कर दी गईं। इसके अलावा, जिन निविदाओं की प्रशासनिक या तकनीकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन थी, उन्हें भी रद्द किया जा रहा है।विधायक ने स्पष्ट किया कि निविदा प्रक्रिया में पीडब्ल्यूडी कोड का उल्लंघन एक गंभीर अपराध है। वे इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा के आगामी सत्र में उठाएंगे और सरकार का ध्यान खींचते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त विधिसम्मत कार्रवाई की पुरजोर मांग करेंगे।
आज खास
विशेष
