जामताड़ा। साढ़े तीन महीने से मानदेय नहीं मिलने से नाराज नगर पंचायत के 87 सफाई कर्मियों ने गुरुवार को शहर की मुख्य सड़कों पर कचरा फेंककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मी कचरे की गाड़ियों के साथ सड़क पर उतर आए और नगर पंचायत कार्यालय से लेकर सुभाष चौक, टावर चौक, मुख्य बाजार और इंद्रा चौक तक जगह-जगह कचरा बिखेर दिया। इस दौरान कर्मियों ने नगर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मियों ने बताया कि पिछले साढ़े तीन महीने से उन्हें मानदेय नहीं मिला है। भुगतान की मांग को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष से लेकर जिला स्तर के वरीय अधिकारियों तक कई बार गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला और समस्या जस की तस बनी हुई है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे हर रोज शहर को साफ रखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन समय पर पारिश्रमिक न मिलने के कारण आज उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का किराया, बच्चों की पढ़ाई और दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना भी मुश्किल हो गया है।
