जमशेदपुर। सावन माह के अवसर पर मंगलवार को साकची बाजार स्थित श्री श्री साकची शिव मंदिर में लगातार पांचवें वर्ष सुलतानगंज से लाए गए गंगाजल से भोले बाबा का सहस्त्रघट जलाभिषेक किया गया। इस दौरान 1100 श्रद्धालुओं के बीच डिब्बों में निःशुल्क गंगाजल का वितरण भी किया गया।

आयोजन शिव मंदिर कमिटी के लालचंद अग्रवाल एवं बबलू अग्रवाल ने अपने परिवार के साथ अपने पिता स्व. विनोद कुमार अग्रवाल की स्मृति में कराया। सुबह 10 बजे शिव पूजन के बाद दोपहर एक बजे टैंकर से लाए गए करीब 12 हजार लीटर गंगाजल से भगवान शिव का सहस्त्रघट जलाभिषेक किया गया। शाम पांच बजे विशेष श्रृंगार और महाआरती हुई। फूलों से सजे भोले बाबा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया।

पूरे दिन मंदिर परिसर “ओम नमः शिवाय”, “जय भोलेनाथ” और “हर हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा। पंडित बिपीन के नेतृत्व में शहर के 11 विद्वान पंडितों ने सामूहिक रूप से विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।

आयोजन को सफल बनाने में अग्रवाल परिवार, साकची शिव मंदिर कमिटी और आसपास के दुकानदारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास सहित समाजसेवी सुभाष शाह, ओमप्रकाश रिंगसिया, गिरधारी लाल खेमका, राजेश पसारी, बजरंग लाल अग्रवाल, सांवरमल अग्रवाल, उमेश साह, कमलेश चौधरी, ललित डांगा, संदीप मुरारका, कमल किशोर अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सन्नी संघी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।