चतरा। हंटरगंज थाना क्षेत्र के चतरा-डोभी मुख्य मार्ग एनएच-22 पर गोडवाली स्कूल के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को हंटरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान रामगढ़ जिले के परसोतिया वार्ड नंबर-4 निवासी सुनील रविदास के रूप में हुई है। बताया गया कि सुनील हजारीबाग से हंटरगंज के रास्ते बिहार के बहेरा अपनी पत्नी से मिलने जा रहा था। उसकी पत्नी डोभी थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नकटैया में टीआरई-3 के तहत शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और बहेरा में किराये के कमरे में रहती हैं। इसी दौरान गोडवाली स्कूल के पास सामने से आ रही अपाचे बाइक से सुनील की बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुनील को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिया। दोनों बाइकों को जब्त कर थाना लाया गया है। वहीं, दूसरी बाइक के चालक की पहचान वाहन नंबर के आधार पर करने में पुलिस जुटी हुई है।