बोकारो। इलेक्ट्रो स्टील प्लांट (वेदांता) में ट्रक चालक दुर्गा चरण महतो की आकस्मिक मौत के बाद परिजनों ने 25 लाख रुपये मुआवजा और नियोजन की मांग को लेकर कंपनी की मुख्य सड़क जाम कर दी। अलकुशा फोरलेन स्थित सड़क पर आजसू जिलाध्यक्ष सचिन महतो के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया, जिससे कंपनी का ट्रांसपोर्टेशन पूरी तरह ठप रहा।

परिजनों का आरोप है कि चालक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुआवजा और आश्रित को नियोजन देने की मांग की।

बताया गया कि कंपनी प्रबंधन की ओर से परिजनों को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की पेशकश की गई थी, लेकिन परिजनों ने इसे स्वीकार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को नियोजन मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

सड़क जाम के कारण कंपनी में वाहनों की आवाजाही और ट्रांसपोर्टेशन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन से मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।