रांची। राजधानी रांची के अरगोड़ा अंचल में कार्यरत राजस्व कर्मचारी लक्ष्मी कांत मुंडा की नामकुम स्थित उनके आवास पर अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लक्ष्मी कांत मुंडा शनिवार को अपने कार्यालय नहीं पहुंचे थे। लगातार अनुपस्थित रहने और फोन पर संपर्क न होने पर जब उनके कार्यालय के सहकर्मी उनका हाल जानने नामकुम स्थित उनके आवास पर पहुंचे, तो उन्होंने कर्मचारी को मृत अवस्था में पाया।
घटना की सूचना तुरंत स्थानीय थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नामकुम थाना की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में जुट गई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हत्या के पीछे के कारणों और अपराधियों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
