रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान राज्य का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से न चूके। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के इलाकों में रहनेवाले लोगों और आदिवासी समुदायों तक प्रशासन की टीम खुद पहुंचे। साथ ही राज्य के बाहर रह रहे झारखंड के लोगों तक भी सूचना पहुंचाने के इंतजाम किये जायें, ताकि वे एसआईआर की प्रक्रिया से वंचित न रह जायें। मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों और दिव्यांगों का खास ख्याल रखने का भी निर्देश दिया है। उन्हें उनके घर में ही सहायता देने को कहा है। सीएम हेमंत ने प्रशासन को मिशन मोड में काम करने को कहा है ताकि गणना प्रपत्र भरने की सही जानकारी झारखंड के आखिरी घर और अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

जाररुकता अभियान चलाया जाये

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हिदायत दी है कि नागरिकों के बीच प्रपत्र भरने, जरूरी दस्तावेज और समय-सीमा को लेकर रत्ती भर भी असमंजस नहीं होना चाहिए। इसके लिए पूरे राज्य में लगातार व्यापक जन-जागरुकता अभियान चलाया जाए। सूचनाओं का प्रसार इस तरह हो कि हर वर्ग समय रहते अपने लोकतांत्रिक हक के प्रति सजग हो सके। जमीनी स्तर पर काम कर रहे बूथ लेवल ऑफिसर्स को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी बीएलओ को निरंतर प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि क्षेत्र में तैनात बीएलओ का व्यवहार नागरिकों के साथ बेहद विनम्र, सम्मानजनक और सहयोगात्मक होना चाहिए, ताकि हर पात्र मतदाता बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी प्रविष्टि दर्ज करा सके।