रामगढ़। मनरेगा के बेहतर क्रियान्वयन में रामगढ़ जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक बार फिर राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। ग्रामीण विकास विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा में जिले को सर्वोच्च रैंकिंग मिली है।

मनरेगा के तहत जिले को 25.34 लाख मानव दिवस सृजन का लक्ष्य मिला था, जिसे शत-प्रतिशत पूरा किया गया। रोजगार उपलब्ध कराने में महिलाओं की भागीदारी 53 प्रतिशत रही। वहीं 2529 लाभुकों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराकर रामगढ़ ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जिले में बिरसा सिंचाई कूप योजना के तहत 2021 कूपों का निर्माण, मजदूरों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी और समय पर मजदूरी भुगतान जैसे कार्यों में भी बेहतर प्रदर्शन किया गया।

बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत करीब 4.5 हजार एकड़ में आम की बागवानी विकसित की गई, जिसका परिणाम रहा कि रामगढ़ के लगभग 6 टन आम का विदेशों में निर्यात हुआ।

उपायुक्त और उप विकास आयुक्त ने इस उपलब्धि के लिए मनरेगा से जुड़े अधिकारियों, कर्मियों, पंचायत प्रतिनिधियों और श्रमिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बेहतर योजना और टीमवर्क से रामगढ़ ने यह मुकाम हासिल किया है।