रामगढ़। जिला के अलग-अलग इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक बढ़ गया है। पिछले दो दिनों से सुद्दी पारगड़ा के जंगल में डेरा डाले हाथियों के कारण आसपास के गांवों में दहशत है। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीण रात में घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। गुरुवार रात जंगल से निकलने के बाद हाथियों ने सुद्दी पारगड़ा में सुरेश महतो के घर का दरवाजा तोड़ दिया। घर के अंदर रखा करीब 30 क्विंटल चावल खा गया और सामान को नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड में एक छोटा बच्चा और एक बड़ा हाथी है। हाथियों ने आसपास के घरों में रखे अनाज को भी नुकसान पहुंचाया। दो रात से दोनों हाथी सौंदा डी पंचायत क्षेत्र में पहुंचे हैं। रात करीब 2.30 बजे लेनिन चौक की ओर बढ़े। इस दौरान विजय साहू के जनरल स्टोर का शटर तोड़ दिया। शटर टूटने की आवाज सुनकर लोग बाहर निकले, लेकिन हाथियों के आक्रामक रुख को देखकर वापस घरों में दुबक गए। दोनों हाथी शनिचर बाजार, परियोजना कार्यालय और ऑफिसर्स कॉलोनी होते हुए सेंट्रल सौंदा की ओर चले गए।

सेंट्रल सौंदा में हाथियों ने मनोज कुट्टी की दुकान को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया। सीसीएल की रात्रि पाली तैनात सुरक्षा कर्मियों ने भी इलाके में हाथियों की मौजूदगी की पुष्टि की है। फिलहाल दोनों हाथियों के सेंट्रल सौंदा दत्तो के समीप जंगल में होने की आशंका है। क्षेत्र के खेतों में धान, मकई और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों के डर से खेतों की रखवाली और खेती का काम प्रभावित हो रहा है। वन विभाग और पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी से दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने तथा नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।