रांची। दुर्गापूजा से लेकर दीपावली और छठ तक रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने वाली है। रांची रेल मंडल के अनुसार, पर्व त्योहारों के कारण इस बार रोजाना यात्रियों की संख्या करीब 50 हजार से बढ़कर 80 हजार तक पहुंच सकती है। ऐसे में भीड़ संभालने के लिए 14 स्पेशल ट्रेनें आज से (2 अक्टूबर) चलायी जायेंगी। इसके साथ ही रांची और हटिया स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए हैं। गुरुवार को डीआरएम करुणा निधि सिंह ने डीआरएम कार्यालय, हटिया में प्रेस वार्ता में बताया कि रांची रेल मंडल से और रांची होकर चलने वाली अलग-अलग स्पेशल ट्रेनों से त्योहार में घर जाने और लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। अजमेर-रांची, रांची-अलीपुरद्वार और रांची-आनंद विहार के अलावा हटिया से मुंबई और बेंगलुरु के लिए भी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन भी रांची होकर गुजरेगी। स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया-बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन की सुविधा दी गई है। डीआरएम ने बताया कि त्योहार के दिनों में स्टेशन पर भीड़ ज्यादा हुई तो रेलवे यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने देने के बजाय पहले होल्डिंग एरिया में रखेगा। भीड़ कम होने के हिसाब से यात्रियों को आगे भेजा जाएगा। डीआरएम ने बताया कि सिर्फ स्पेशल ट्रेनें चलाने तक रेलवे की तैयारी सीमित नहीं है। रांची-गोड्डा, रांची-चोपन और रांची-आरा समेत कई नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं, ताकि ज्यादा से ज्यादा यात्रियों को जगह मिल सके।स्टेशन पर भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त टिकट और यूटीएस काउंटर खोले जाएंगे। सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी अतिरिक्त तैनाती होगी, जबकि सीसीटीवी से स्टेशन परिसर पर नजर रखी जाएगी।
जिला
ब्रेकिंग
