मेदिनीनगर। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने इसे राजनीतिक बौखलाहट और लोकतंत्र की आवाज दबाने की साजिश बताया। त्रिपाठी ने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और वंचितों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए भाजपा सरकार उन्हें निशाना बना रही है। विपक्ष के सवालों का जवाब देने के बजाय सरकार पुलिस, जांच एजेंसियों और मुकदमों का सहारा ले रही है। कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है।उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राहुल गांधी संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और पूरी कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति अब सवालों के जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वालों को डराने तक सीमित हो गई है। लोकतंत्र और संविधान पर हमला जारी रहा तो कांग्रेस का संघर्ष भी जारी रहेगा।
आज खास
विशेष
