रामगढ़: पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पीवीयूएनएल अस्पताल के सामने शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे एक तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से 23 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गोया चूड़ा (23), पिता वैष्णो चूड़ा, निवासी ओडिशा के रूप में हुई है। वह पीवीयूएनएल स्थित आईसीएच कैंटीन में कार्यरत था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरी तरह ढका हुआ एक अज्ञात हाईवा तेज गति से आया और सड़क पार कर रहे गोया चूड़ा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। बताया जाता है कि हाईवा युवक को काफी दूर तक घसीटता ले गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मृतक का भाई घटनास्थल पर पहुंचा। उसने बताया कि उसका भाई पीवीयूएनएल के आईसीएच कैंटीन में कार्यरत था और सुबह अपने कार्यस्थल जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
सूचना मिलने पर पतरातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात हाईवा की पहचान और चालक की तलाश में जुटी है।
