बोकारो। हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत की प्राचीन ध्रुपद परंपरा के वरिष्ठ साधक पंडित कृष्ण मोहन पाठक को वर्ष 2025 के प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया। गुरुवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। ध्रुपद गायन में उनके दीर्घकालिक योगदान और संगीत साधना को राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस मान्यता से बोकारो के संगीत जगत में खुशी की लहर है। वरिष्ठ ध्रुपद गायक पं. कृष्ण मोहन पाठक, बोकारो के वरिष्ठ तबला वादक पं. बच्चन जी महाराज के बड़े भाई हैं। सम्मान मिलने पर वरिष्ठ संगीतज्ञों पं. राणा झा, डॉ. राकेश रंजन, पं. शिव पूजन मिश्र, श्याम गोस्वामी, अरुण पाठक, चंद्रकांत शर्मा समेत कई कलाकारों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।