जमशेदपुर। आगामी 7 और 8 अगस्त को युवा आजसू सम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रविवार को जमशेदपुर के निर्मल गेस्ट हाउस में आजसू पार्टी की एक बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और इसके सफल आयोजन के लिए एक 'जम्बो तैयारी समिति' का गठन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने नवनिर्मित समिति के सभी सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपे। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह युवा सम्मेलन केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि युवाओं को संगठित कर झारखंड के जनसरोकारों के लिए संघर्ष का नया अध्याय शुरू करने का एक बड़ा अवसर है।
पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने बैठक में उपस्थित युवा प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने प्रखंडों में व्यापक 'युवा संवाद अभियान' चलाएं। उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में युवाओं से सीधा संपर्क स्थापित करने और पूरे कोल्हान प्रमंडल में 5,000 नए युवा नेताओं को तैयार करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक मजबूत युवा संगठन ही भविष्य में होने वाले जनआंदोलनों की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।
वहीं, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से युवाओं में संगठन के प्रति नई ऊर्जा और विश्वास का संचार होगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने की अपील की।
बैठक में यह सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सम्मेलन को लेकर पूरे शहर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसके साथ ही, युवा कार्यकर्ता सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को इस सम्मेलन से जोड़ेंगे।
इस बैठक में मुख्य रूप से पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह, सागेन हांसदा, वन विहारी महतो, डोमेन टुडू, संजय सिंह, अप्पू तिवारी, चंद्रेश्वर पांडेय, लालन झा, विमल मौर्या, धीरज यादव, मनोज महतो, अवनीश सिंह, गौतम सामंता, विकास महतो, मंटू शुक्ला, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, सौरभ राहुल सिंह, निरंजन महतो, आकाश सिन्हा, राजेश चौधरी, चंदन सिंह, हैरी एंथोनी, देवाशीष चौधरी और शेखर सहिस समेत कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
