रांची: झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया और चुनाव आयोग के रुख को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार 28 सितंबर को पूरे राज्य में ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस विरोध प्रदर्शन के तहत पार्टी राजधानी रांची के धुर्वा स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च करेगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकेगी।सोमवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में मुख्य चुनाव आयुक्त का कड़ा विरोध किया जाएगा,जिसमें पार्टी के तमाम शीर्ष नेता शिरकत करेंगे।
रविवार को रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस आंदोलन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता राहुल गांधी एसआईआर के जरिए वोट चोरी की जो बात कहते आ रहे हैं, वह अब सच साबित हो रही है। उन्होंने राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल उठाते हुए आशंका जताई कि कांग्रेस समर्थित दलित, आदिवासी और अन्य वंचित वर्ग के मतदाताओं को वोटर लिस्ट से बाहर करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया से राज्य के करीब 45 लाख वोटरों के नाम कटने का खतरा पैदा हो गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया और उनकी भूमिका को संदिग्ध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के सीईओ "भाजपा एजेंट" के रूप में कार्य कर रहे हैं और भाजपा के केंद्रीय नेताओं के करीब आने की होड़ में लगे हैं।
प्रदीप यादव ने आगे कहा कि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त की तर्ज पर स्थानीय सीईओ भी लगातार गलत निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक एसआईआर को लेकर 36 अलग-अलग पत्र जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश एक-दूसरे के विरोधाभासी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब आवासीय और अन्य प्रमाण पत्र ऑफ-लाइन जारी किए जा रहे थे, तब सीईओ ने भाजपा के इशारे पर इस पर आपत्ति जताई, ताकि गरीब और दलित तबके के लोग वोटर लिस्ट में शामिल न हो सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता के मताधिकार का हनन किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी।
इस दौरान प्रदेश के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी, मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा और प्रवक्ता सोनल शांति सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
