जमशेदपुर। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जमशेदपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शहर के विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों और चेक नाकों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने खुद अपनी मौजूदगी में एंटी क्राइम चेकिंग कराई और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात जवानों को सख्त निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जाए।

चेकिंग के दौरान आम नागरिकों के साथ संयम और सम्मानपूर्वक पेश आएं, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

वाहनों की नियमानुसार जांच हो और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों को शहर में पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और कानून-व्यवस्था के दायरे में संपन्न कराना है।