रांची। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने अपनी नौ सूत्री मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। विधायक जयराम महतो प्रकरण में एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने सरकार और संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ा ऐतराज जताते हुए आंदोलन के कार्यक्रमों की घोषणा की।
8 से 11 सितंबर तक पुलिसकर्मी चार दिनों तक वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर विरोध दर्ज कराते हुए ड्युटी करेंगे।
19 सितंबर को एक दिवसीय सामूहिक उपवास। इस दौरान पुलिस केंद्रों और संबंधित स्थानों पर मेस पूरी तरह बंद रहेंगे।24 सितंबर को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन। केंद्रीय पदाधिकारी पुलिस मुख्यालय (डीजीपी कार्यालय) के समक्ष और जिला इकाइयों के सदस्य अपने संबंधित समाहरणालयों/कार्यालयों के पास धरना देंगे।5 से 10 अक्टूबर तक मांगों के समर्थन में पुलिसकर्मी 6 दिनों के सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
प्रेस को संबोधित करते हुए राहुल मुर्मू ने कहा कि एक विधायक द्वारा कथित रूप से किए गए आपराधिक कृत्य के मामले में पुलिस को जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी कौन है, इसका फैसला अदालत करेगी, लेकिन आरोपी को कानून के तहत अदालत तक पहुंचाना जांच एजेंसियों का काम है। एसोसिएशन ने पुलिस कार्य में जनप्रतिनिधियों के अनैतिक हस्तक्षेप और अभद्र व्यवहार पर सख्त कानूनी प्रावधान बनाने की मांग की है। राहुल मुर्मू ने कहा कि नो वन इज अबव द लॉ (कानून से ऊपर कोई नहीं है)।
उन्होंने यह भी साफ किया कि संगठन संविधान का पालन करता है। यदि कोई पुलिसकर्मी भी गलत पाया जाता है, तो एसोसिएशन उसका बचाव नहीं करेगा और उसके खिलाफ भी कठोरतम कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। बार-बार पत्राचार के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने के कारण एसोसिएशन को यह कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा है।
