रांची। शहर को जाम से मुक्ति दिलाने और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को रांची नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। मेयर रोशनी खलखो की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में कुल 17 प्रमुख एजेंडों पर गंभीर चर्चा के बाद कई बड़े फैसले लिए गए।
बकरी बाजार में लगने वाले जाम से निपटने के लिए निगम ने वहां पार्किंग सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही बकरी बाजार से शनि मंदिर तक की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इस दौरान प्रभावित होने वाले दुकानदारों को व्यवस्थित करने में निगम सहयोग करेगा।
न्यू मार्केट के पास स्थित आरआरडीए की पुरानी दुकानों को हटाकर उनकी जगह नई दुकानें बनाई जाएंगी। शहर में अब मॉड्यूलर टॉयलेट नहीं बनाए जाएंगे। इसके बजाय 'पे एंड यूज' पैटर्न पर आधारित शौचालयों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा।
जिन नागरिकों ने निगम से वाटर कनेक्शन लिया है, उन्हें अब किसी भी प्रकार की मरम्मत (फेरुल शुल्क) कराने के लिए ₹300 के स्थान पर निर्धारित ₹1,000 शुल्क देना होगा। निगम द्वारा लगाए गए जो चापाकल खराब हो चुके हैं और अब उपयोग में नहीं हैं, उन्हें रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा।झिरी डंप यार्ड में स्वयं या ट्रैक्टर के माध्यम से कचरा डंप कराने पर प्रति ट्रिप ₹650 का शुल्क तय किया गया है।
शहर के पार्कों के बेहतर रखरखाव के लिए उन्हें पीपीपी मोड पर संचालित करने पर सहमति बनी। वहीं खादगढ़ा में एनबीसीसी द्वारा होटल निर्माण और भविष्य में उस पर निगम के स्वामित्व को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान उप महापौर और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं और आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दे उठाए। निगम ने संबंधित विभागों को सभी विकास योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन का निर्देश दिया है।
