बोकारो। तेनुघाट में बुधवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक नाबालिग लड़की ने नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहते हुए वह नदी की बीच धारा में पहुंच गई और एक पत्थर पर फंस गई। करीब दो घंटे तक वह पत्थर पर बैठकर मदद का इंतजार करती रही। बाद में स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना तेनुघाट कॉज-वे के पास की है। बताया गया कि लड़की के नदी में छलांग लगाने के समय पानी का बहाव काफी तेज था। बहाव में बहते हुए वह बीच धारा तक पहुंच गई, जहां एक पत्थर पर किसी तरह खुद को संभाला।
कॉज-वे से गुजर रहे लोगों की नजर नदी के बीच पत्थर पर बैठी लड़की पर पड़ी तो मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों ने तत्काल तेनुघाट ओपी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ओपी प्रभारी भजनलाल महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थानीय तैराकों और गोताखोरों की मदद से बचाव अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नाबालिग को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली।
