​मेदिनीनगर। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत पंडवा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से चल रही एक नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

​डीएसपी राजेश यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 26 अगस्त को सदावह नदी पुल के पास सघन वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की कार (JH 01EZ-7099) को रोका। कार की तलाशी लेने पर पानी के कार्टन की आड़ में छिपाई गई 33 कार्टन में रखी कुल 2520 बोतलें नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गईं।

​कार चालक साहिद अंसारी (पिता: फरीद अंसारी, निवासी: रूढ़ीडीह, थाना: नावाजयपुर) को मौके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान साहिद ने खुलासा किया कि वह यह शराब नावाबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बसना निवासी निरंजन कुमार मेहता से खरीद कर ला रहा था।

साहिद की निशानदेही पर पुलिस टीम ने निरंजन मेहता के ठिकाने पर तुरंत छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में नकली शराब बनाने की सामग्री जब्त की गई। निरंजन ने अवैध शराब बनाने और बेचने की बात स्वीकार कर ली है।

पुलिस ने ​2520 बोतलें नकली अंग्रेजी शराब (33 कार्टन),​01 सफेद कार,

​स्पिरिट से भरे गैलन,​भारी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन व पैकिंग टेप

​शराब ब्रांड्स के लेबल एवं झारखंड सरकार का नकली लोगो बरामद किया है।

डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी साहिद अंसारी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ मनातू थाना में मामला दर्ज है।