लातेहार। जिले के मनिका प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।

कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक लाभुक की योजना का भुगतान और प्रशासनिक स्वीकृति लंबित रखकर पंचायत सचिव उससे 10 हजार रुपये की मांग कर रहा था। कई बार अनुरोध के बावजूद काम नहीं होने पर पीड़ित ने पलामू प्रमंडल एसीबी से शिकायत की।

शिकायत के आधार पर एसीबी ने पहले पूरे मामले का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद अधिकारियों ने ट्रैप की योजना तैयार की और विशेष टीम गठित की। गुरुवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार मनिका प्रखंड कार्यालय पहुंचा और पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये सौंपे। रुपये हाथ में लेते ही पहले से घात लगाए एसीबी अधिकारियों ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।