पलामू। पलामू जिला पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नौडीहा बाजार थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर 443 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ट्रक और एक टेम्पो को भी जब्त किया गया है।

​पुलिस अधीक्षक ने नौडीहा बाजार थाना में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि ओडिशा से ट्रक के जरिए अवैध गांजे की एक बड़ी खेप तस्करी कर लाए जाने की गुप्त जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

​छापेमारी टीम ने नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के महुराव गांव में दबिश दी। पुलिस ने मौके पर पाया कि ओडिशा नंबर के एक ट्रक (OD 14 AB-1072) से बिहार नंबर के टेम्पो (BR 26 PB 2661) में गांजा की खेप उतारी और लोड की जा रही थी। ट्रक में ऊपर से डाभ भरा हुआ था, जिसके नीचे छिपाकर रखे गए 16 प्लास्टिक के बोरों से 424 छोटे पैकेट में कुल 443 किलो गांजा बरामद किया गया।

इस कार्रवाई में महुराव निवासी रमजान अंसारी के दो बेटों—जमशेद आलम और अली राजा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों भाई इस अवैध गांजे के भंडारण और तस्करी में मुख्य रूप से शामिल थे।

​एसपी ने बताया कि इस गिरोह के तार बिहार, झारखंड और ओडिशा तक फैले हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही पूरा रैकेट बेनकाब किया जाएगा।