मेदिनीनगर। पलामू जिले के हैदरनगर प्रखंड अंतर्गत बडंडा बरवाडीह गांव निवासी 50 वर्षीय महेंद्र विश्वकर्मा नेपाल में पिछले कई दिनों से लापता है। वह नेपाल के बाणेश्वर स्थित हाइड्रो पावर प्लांट के निर्माण कार्य में फैब्रिकेटर के रूप में कार्यरत था। महेंद्र से संपर्क नहीं होने और उसका मोबाइल लगातार बंद मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
परिजनों के अनुसार, महेंद्र पिछले कई महीनों से नेपाल में रहकर हाइड्रो पावर प्लांट में काम कर रहा था। वह नियमित रूप से घर फोन कर परिवार के सदस्यों से बातचीत करता और अपना हालचाल बताता था। लेकिन अचानक पिछले कई दिनों से उसका फोन बंद आ रहा है। काफी प्रयास के बावजूद उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है।
इसी बीच नेपाल में आई भीषण बाढ़ के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के लापता होने की खबर से महेंद्र के परिजन और अधिक चिंतित हो गए हैं। उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लोगों ने हाइड्रो पावर प्लांट की कंपनी के अधिकारियों से भी संपर्क किया। कंपनी की ओर से बताया गया कि वहां कार्यरत सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, महेंद्र से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं हो पाने के कारण परिजनों को इस जानकारी पर पूरी तरह भरोसा नहीं हो रहा है। वे लगातार महेंद्र के मोबाइल नंबर पर फोन कर रहे हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है।
महेंद्र के परिजनों ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से मामले में हस्तक्षेप करते हुए नेपाल प्रशासन एवं संबंधित कंपनी के सहयोग से जल्द से जल्द उसकी तलाश कराने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने महेंद्र को सकुशल वापस लाने की भी गुहार लगाई है। गांव के लोगों ने भी प्रशासन से इस मामले में तत्काल पहल करने की मांग की है।
