गुमला। घाघरा थाना क्षेत्र के नाथपुर गांव में शनिवार को पैसे देने से इनकार करने पर एक युवक ने अपनी 70 वर्षीय मां की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पुत्र परदेसिया महतो (29) को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, परदेसिया महतो अपनी मां तेतरी देवी से पैसे मांग रहा था। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में परदेसिया ने घर में रखी टांगी से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से तेतरी देवी जमीन पर गिर पड़ीं। इसके बाद आरोपी ने हंसुआ से भी उन पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने और घटना छिपाने का प्रयास किया। उसने शव को घर से निकालकर पास के खेत में फेंक दिया। घर में लगे खून के धब्बों को गोबर और पानी से साफ करने तथा हत्या में इस्तेमाल हथियारों को धोने का भी प्रयास किया गया। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेत में तेतरी देवी को खून से लथपथ पड़ा देखा और इसकी सूचना घाघरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जेएसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गुमला भेज दिया है। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
