चतरा। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चतरा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कुंदा थाना क्षेत्र के तेगम गांव में छापेमारी कर लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य का अफीम और अफीम डोडा जब्त किया है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने मामले का खुलासा किया।

एसपी ने बताया कि शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि तेगम गांव निवासी जलेश महतो (22 वर्ष) अवैध व्यापार के उद्देश्य से अपने घर में भारी मात्रा में अफीम और डोडा छिपाकर रखे हुए है। इस पर सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहब के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जलेश कुमार के घर पर दबिश दी और मौके से उसे धर दबोचा।

पुलिस की इस छापेमारी में तस्कर के घर से गीला अफीम (7 किलो 540 ग्राम), अफीम डोडा(293 किलो 900 ग्राम), एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन जब्त किया गया।

एसपी ने जानकारी दी कि प्राथमिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि तस्करों ने यह मादक पदार्थ पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र से एकत्र किया था। गिरफ्तार तस्कर से अफीम और ब्राउन शुगर के पूरे नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। इस मामले में कुंदा थाना में एनडीपीएस एक्ट (एनडीपीएस एक्ट) की धाराओं (कांड सं0-52/2026, धारा-15/18/27/29) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।