लोहरदगा। जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक पिता ने नशे का विरोध करने पर अपने ही सो रहे बेटे की टांगी से मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया, हालांकि कुड़ू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर उसे सलगी के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी आरोपी सुरेश वर्मा और उसके पुत्र संजय वर्मा के बीच बीते एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि सुरेश अक्सर शराब के नशे में रहता था, जिसका उसका बेटा संजय विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी और घर में तनाव का माहौल बना हुआ था।
बुधवार सुबह सुरेश वर्मा घर से बाहर जाकर नशा करने के बाद करीब 8 बजे वापस लौटा। उस वक्त संजय अपने कमरे में अकेला सो रहा था। नशे में धुत सुरेश ने घर में घुसते ही टांगी उठाई और सीधे कमरे में जाकर सो रहे संजय के माथे पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में संजय को संभलने तक का मौका नहीं मिला और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना का पता तब चला जब परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे। संजय को खून से लथपथ पड़ा देख घर में चीख-पुकार मच गई, जिससे पूरे गांव में सनसनी और दहशत फैल गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित छापेमारी अभियान चलाकर करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से आरोपी पिता सुरेश वर्मा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर टांगी भी बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
