जमशेदपुर। दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने के लक्ष्य के साथ चल रहे नशामुक्त भारत अभियान के तहत जमशेदपुर में नशामुक्त भारत बस यात्रा लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रही है। जमशेदपुर से शुरू हुई यह विशेष बस यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर रही है।

यात्रा का शुभारंभ 7 अगस्त 2026 को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मरीन ड्राइव स्थित ब्रह्माकुमारीज के यूनिवर्सल पीस पैलेस सेवा केंद्र से किया था। इसके बाद से बस प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड, पार्क, होटल, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंच रही है। यहां लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा दिलाई जा रही है।

बुधवार को बस यात्रा कदमा क्षेत्र के शास्त्री नगर, उलियान समेत आसपास के इलाकों में पहुंची। दिनभर में करीब 31 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बस के अंदर कुंभकरण की मूवमेंट आधारित प्रस्तुति के जरिए नशे के दुष्परिणामों को रोचक तरीके से समझाया जा रहा है। वहीं, बस के ऊपर लगाई गई नशामुक्ति विषयक चित्र प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

अभियान की खासियत यह है कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता और वक्ता एक साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर स्कूलों, कॉलेजों और संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम कर रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में लोग अभियान से जुड़ रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार, दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने के लक्ष्य की दिशा में अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। 13 अगस्त को बस यात्रा जुगसलाई क्षेत्र में पहुंचेगी, जहां विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।