जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में सांसदों एवं विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को पत्र भेजकर 18 अगस्त को होने वाली बोर्ड बैठक में प्रस्तुत योजनाओं की सूची को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संशोधित करने का आग्रह किया है। सरयू राय ने कहा कि नाली निर्माण की राशि का 60 प्रतिशत वार्ड स्तर और 40 प्रतिशत निकाय स्तर की योजनाओं पर खर्च किया जाना है। सड़क निर्माण में 40 प्रतिशत वार्ड स्तर और 60 प्रतिशत निकाय स्तर तथा नागरिक सुविधा मद में 20 प्रतिशत वार्ड स्तर और 80 प्रतिशत निकाय स्तर की योजनाओं पर राशि खर्च करने का प्रावधान है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न योजनाओं के लिए प्राप्त राशि में 70 प्रतिशत निकाय बोर्ड द्वारा चयनित योजनाओं पर और 30 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की अनुशंसा पर खर्च की जानी है। इसमें महापौर के लिए 10 प्रतिशत, उपमहापौर 5 प्रतिशत, नगर आयुक्त 5 प्रतिशत तथा सांसद/विधायक की अनुशंसा के लिए 10 प्रतिशत राशि निर्धारित है। सरयू राय ने कहा कि योजनाओं के चयन में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से स्थानीय जरूरतों और जन आकांक्षाओं को विकास कार्यों में शामिल किया जा सकेगा। इसलिए बोर्ड बैठक में प्रस्तुत योजनाओं की सूची को निर्धारित हिस्सेदारी के अनुरूप संशोधित किया जाना चाहिए।