नई दिल्ली/जमशेदपुर: लोकसभा सत्र के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर पूर्वी सिंहभूम और सीमावर्ती क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण सड़क एवं पुल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया।

सांसद ने सबसे पहले एनएच-18 के समीप पारडीह काली मंदिर (जमशेदपुर) से पटमदा, काटिन, बंधवान, झिलमिली होते हुए पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा तक नए सड़क मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि इससे जमशेदपुर और दुर्गापुर स्टील सिटी के बीच औद्योगिक एवं यातायात संपर्क मजबूत होगा।

उन्होंने एनएच-220 को चाईबासा से आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तारित करने की भी मांग की। सांसद का कहना था कि इससे खनन, उद्योग और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

सांसद ने सीआरआईएफ निधि से धालभूमगढ़-नरसिंहगढ़ रेलवे लेवल क्रॉसिंग से मुसाबनी-डुमरिया मार्ग होते हुए ओडिशा सीमा तक करीब 16.825 किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी सौंपा। लगभग 118.65 करोड़ की इस परियोजना से सीमावर्ती ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा मिलने की बात कही गई।

इसके अलावा उन्होंने बामडोल घाट मार्ग पर स्वर्णरेखा नदी पर लगभग 162.14 करोड़ की लागत से उच्च स्तरीय पीएससी पुल निर्माण की मांग की, जिससे झारखंड और ओडिशा के बीच संपर्क और मजबूत हो सके।

सांसद ने धालभूमगढ़ फ्लाईओवर के दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर तक सीमेंट कंक्रीट सड़क निर्माण का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सड़क बार-बार क्षतिग्रस्त होने से आम लोगों और वाहनों को भारी परेशानी होती है। उच्च गुणवत्ता वाली सीसी सड़क बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान होगा।

सांसद विद्युत वरण महतो ने केंद्रीय मंत्री से सभी प्रस्तावों को जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।